Narendra Singh Negi : उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने आज अपना 73 वां जन्मदिन मनाया। नरेंद्र सिंह नेगी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई दी । इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने नरेंद्र सिंह नेगी के जीवन पर आधारित पुस्तक “सृजन से साक्षात्कार” का विमोचन किया । बता दें कि नरेंद्र सिंह नेगी के जीवन पर लिखी गई इस पुस्तक में नेगी सहित प्रदेश के लोक संस्कृति के रचनाकारों, लोकगायकों के जीवन परिचय एवं रचनाओं का पूर्ण रूप से उल्लेख किया गया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नरेंद्र सिंह नेगी के लोकसंस्कृति के संरक्षण में अहम योगदान का बखान करते हुए कहा कि नेगी जी गदरत्न हैं और उनके द्वारा रचित गीतों में लोकसंस्कृति की छटा साफ झलकती है जो युवाओं को अपनी संस्कृति से प्रेम करने के लिए प्रेरित करती है। सीएम पुष्कर ने कहा कि उनके इस योगदान के लिए नेगी दा को पद्म श्री से सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार जल्द ही केंद्र से बात करेगी।
बता दें पौड़ी गढ़वाल से लोक संगीत की शुरुआत करने वाले नरेंद्र सिंह नेगी अपने लंबे करियर में अब तक हजार से भी ज्यादा गाने गा चुके हैं। वे ना सिर्फ उत्तराखंड राज्य में बल्कि अपने गीतों के माध्यम से देश सहित विदेशों में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। टिहरी डूबने के समय भी नरेन्द्र सिंह नेगी ने उस दृश्य को अपने गीत के माध्यम से जनता को समर्पित किया था जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था यही नहीं उनकी आवाज़ में ये गीत सुनते ही आॅंखों में आंसू छलक उठते है। इसके अलावा लोकगीतों को बखूबी अपनी आवाज़ में पिरोने वाले नरेन्द्र सिंह नेगी खास तौर पर उत्तराखंड से जुड़ी समस्याओं को जनता के बीच लेकर आते है जिसे काफी पसंद किया जाता है।
ये भी पढ़ें : Narendra Singh Negi