cloudburst in Dharchula : पिथौरागढ़ जिले में बादल फटने से लगभग एक दर्जन से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं जबकि बादल फटने के बाद से लगभग 7 लोग लापता बताए जा रहे हैं जिनमें से 3 शव बरामद कर लिए गए हैं। मौके पर जिला प्रशासन और एसडीआरफ की टीम द्वारा राहत बचाव कार्य लगातार जारी है।
एक दर्जन से ज्यादा घर हुए क्षतिग्रस्त
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही मच गई है। बादल फटने से जहां कई घरों में मलबा भर गया है तो वहीं लगभग 7 लोग लापता बताए जा रहे हैं। जिसके बाद से ही मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश में जुट गई है और राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
राहत बचाव कार्य लगातार जारी
डीआईजी एसडीआरएफ रिद्धिमा अग्रवाल का कहना है कि आपदाग्रस्त क्षेत्र में राहत बचाव कार्य लगातार जारी है और 7 लोगों के लापता होने की सूचना प्राप्त हो रही है जिनमें से 3 बच्चियों का शव घटना स्थल से बरामद कर लिया गया है। उन्होंने ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम जामुनी में 2 महिलाएं अभी भी लापता बताई जा रही है जबकि ग्राम तोक सिरोधार में 1 महिला और 1 पुरूष लापता होने की सूचना प्राप्त हुई है जिनकी तलाश लगातार की जा रही है।
cloudburst in Dharchula : बादल फटने से क्षेत्र में तबाही का मंजर
बता दें पिथौरागढ़ जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है जिसकी वजह से धारचूला तहसील ग्राम जुम्मा में बादल फटने की घटना हुई है जिसकी वजह से क्षेत्र में भारी तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में जहां बादल फटने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं तो वहीं कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। सूचना के तत्काल बाद घटना क्षेत्र में राजस्व,एसएसबी, पुलिस, एसडीआरएफ और रेस्क्यू टीम पहुंच गई है जिसके बाद से राहत बचाव कार्य जारी है।