कुट्टू आटा फूड प्वाइजनिंग मामले में देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन, 22 दुकानें सील –

उत्तराखंड के देहरादून में कुट्टू का आटा खाने से 100 से ज्यादा लोग बीमार हो गए. इन लोगों को फूड प्वाइजनिंग के बाद देहरादून के कोरोनेशन, दून हॉस्पिटल और महंत इंद्रेश अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इतने लोगों के एक साथ बीमार होने से पुलिस भी अलर्ट हो गई. पुलिस और प्रशासन की कई टीमें उन जगहों पर छापेमारी कर रही हैं, जहां से कुट्टू के आटे की सप्लाई हुई है.

देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सभी लोगों ने कल शाम यानी रविवार को पहली नवरात्रि पर कुट्टू के आटे के पकवान खाए थे. इससे देर रात या फिर सुबह को उनकी तबीयत खराब हो गई, जिन्हें देहरादून के दो अलग-अलग सरकारी हॉस्पिटलों में भर्ती कराया गया था. हालांकि मरीजों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अलग-अलग जगहों से कुट्टू का आटा खरीदा था. इसी सूचना के आधार सभी टीमों को अलर्ट किया गया.

देहरादून एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक जहां-जहां से भी कुट्टू का आटा खरीदा गया और सप्लाई हुई, वहां पर पुलिस व प्रशासन की टीमों ने छापेमारी की है. पुलिस की जांच में करीब 22 जगह ऐसे मिली हैं, जहां से कुट्टू का आटा खरीदा गया था, उन जगहों को सील कर दिया गया. इसके अलावा कुट्टू के आटे को जब्त कर दिया गया है ताकि आगे किसी की तबीयत खराब न हो सके.