Crime News : उत्तर प्रेदश के जालौन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है यहां एक महिला ने सात साल के बेटे के सामने पति पर कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर डाली. हत्या के बाद वह बेटे को लेकर थाने पहुंची और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया. पुलिस जैसे ही महिला को लेकर उसके घर पहुंची तो कमरे में खून से लथपथ पति का शव पड़ा हुआ था. यह नजारा देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए.
जानकारी के मुताबिक मामला उरई थाना क्षेत्र के उमरार खेड़ा गांव का है. पुलिस ने महिला को तुरंत हिरासत में ले लिया. वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान संदीप उर्फ कल्लू के रूप में हुई है. उसकी पत्नी संध्या ने कुल्हाड़ी से हमला करके उसकी हत्या कर दी.
पुलिस को संध्या ने बताया कि संदीप को शराब पीने की बुरी लत थी. उसकी इसी आदत के कारण घर में रोज झगड़े होते थे. वह शराब पीकर उसे और बेटे को मारता-पीटता था. रविवार देर रात भी वह शराब पीकर घर आया और उससे मारपीट करने लगा. फिर लड़ झगड़ कर सो गया. संध्या ने बताया कि उसे संदीप पर इतना गुस्सा आ रहा था कि उसने कुल्हाड़ी से उसे काट डाला. फिलहाल महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.