Corona In Uttrakhand : उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है.गौर हो कि बीती रोज यानी बुधवार को उत्तराखंड में कोरोना के 189 नए केस मिले. जिनमें देहरादून में सबसे ज्यादा 113 कोरोना के नए मरीज मिले हैं. दूसरे नंबर पर नैनीताल जिला है, जहां कोरोना के 40 नए मरीज मिले हैं. ऐसे में एक्टिव केस बढ़कर 750 पहुंच गई है. बीती रोज दो लोगों ने जान गंवाई. हालांकि, 100 मरीजों ने कोरोना का मात भी दी है. प्रदेश में इस साल कोरोना के अभीतक 95,164 मरीज सामने आए है, जिसमें से 90,752 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. वहीं, इस साल 286 कोरोना मरीजों की मौत हुई है.
गौर करने वाली बात यह है कि मसूरी में भी लंबे समय के बाद कोरोना पॉजिटिव के मामले बढ़े हैं. यहां वुडस्टॉक स्कूल क्षेत्र में 10 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया. स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने की कवायद शुरू कर दी है. वहीं, सभी कोरोना मरीजों को होम आइसोलेट कर दिया गया है.