अमरनाथ की आपदा में फंसे खटीमा के 12 लोगों को सुरक्षित स्थान पर रेस्क्यू कर लिया गया है। ये सभी लोग आपदाग्रस्त क्षेत्र के नजदीक ही थे। उनका सारा सामान आपदा की भेंट चढ़ गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मदद के बाद इन सभी को बीएसएफ बेस कैंप पहुंचाया गया है।
उत्तराखंड के अन्य यात्रियों की भी मदद के लिये सीएम धामी ने रक्षा मंत्री से मदद का अनुरोध किया है। खटीमा से बीते दिनों 12 यात्रियों का दल अमरनाथ के लिये निकला था। इनमें भुवन जोशी, कमान जेठी, मुकेश गुप्ता, नवीन मित्तल, अवधेश मौर्य, अनिल प्रजापति, लक्ष्मण प्रजापति, अंकुर गुप्ता, सत्यनारायण अग्रवाल, राजेश कुमार, नरेन्द्र चन्द्र, यतेन्द्र गुम्बर हनी, राहुल सक्सेना शामिल हैं। अमरनाथ में आपदा के बाद ये सभी लोग वहां फंस गये हैं।
खटीमा के भुवन जोशी और झनकट निवासी कमान जेठी ने बताया कि उन लोगों ने नानकमत्ता के पूर्व विधायक डॉ.प्रेम सिंह राणा और सीएम कार्यालय को उनके अमरनाथ यात्रा मार्ग पर फंसे होने की जानकारी दी। बताया कि कुछ देर बाद ही सीएम धामी ने कमान जेठी को फोन कर उनके बारे में जानकारी ली।भुवन ने बताया कि सीएम धामी ने उन्हें परेशान नहीं होने का ढांढस बंधाया। भुवन और कमान जेठी ने बताया कि बाद में बीएसएफ का एक दल उनके पास आया और सुरक्षित बेस कैंप तक ले गया। देर शाम ये सभी लोग सोनमर्ग पहुंच गये थे। भुवन और कमान ने बताया कि आपदा में उनका सारा सामान नष्ट हो गया है। फिलहाल उन सभी के पास सिर्फ उनके मोबाइल फोन हैं।