Yogi statement on akhilesh : ‘लड़को से गलती हो जाती है’ बयान पर सीएम योगी का अखिलेश पर प्रहार, कह दी ये बड़ी बात

Yogi statement on akhilesh  : उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को सीएम योगी और विपक्ष के नेता अखिलेश यादव के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर वार-पलटवार हुआ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव के बयान का भी जिक्र किया। योगी ने कहा कि बीजेपी सरकार यह नहीं कहती है कि ‘लड़कों से गलती हो जाती है।

 

रेप आरोपियों को फांसी की सजा पर दिया था बयान

रेप आरोपियों को फांसी की सजा का विरोध करते हुए अखिलेश यादव के पिता और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने एक रैली में कहा था, ”लड़के लड़के हैं, गलती हो जाती है।” महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध को लेकर नेता विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों के जवाब में सीएम योगी ने कहा, ”यह भाजपा की सरकार है। यहां अपराधियों को लेकर यह नहीं कहा जाता है कि लड़के हैं गलती कर देते हैं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी तरह का अपराध अक्षम्य है। सरकार अपराधियों खासकर महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त ऐक्शन ले रही है।

 

जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार के कार्यकाल में हो रही पुलिस की मनमानी—अखिलेश

शून्य काल के दौरान अखिलेश यादव ने इलाहाबाद, चंदौली, सिद्धार्थनगर, ललितपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराध का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध यूपी में होते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार जीरो टॉलरेंस की बात करती है उसमें पुलिस मनमानी कर रही है। ललितपुर थाने में एक दुष्कर्म पीड़िता के साथ थानाध्यक्ष द्वारा दुष्कर्म किए जाने की घटना की ओर ध्यान दिलाते हुए यादव ने कहा कि नेता सदन ललितपुर गए और मामले में कार्रवाई हुई।

 

Yogi statement on akhilesh : अखिलेश ने कसा सीएम योगी पर तंज

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, ”सदन के नेता सच बोलते हैं, मुझे बहुत अच्छा लगा, मैं उस मीटिंग में मौजूद नहीं था लेकिन मुझे तो अखबारों के माध्यम से पता चला कि वहां जब अधिकारियों की शिकायत हुई और सरकार की शिकायत की गई तो नेता सदन ने कहा कि आप लोग दलाली छोड़ दो, अधिकारियों को मैं सुधार दूंगा। मैं अपने नेता सदन का बहुत धन्यवाद देता हूं।” नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि पांच साल तक दलाली चलती रही, नेता सदन को पता ही नहीं चला। किन अधिकारियों को सुधार दिया। मैं इस विषय को इसलिए उठा रहा हूं क्योंकि मैं खुद गया ललितपुर और जब वहां सूचना पाई कि एक बेटी के साथ ऐसी घटना हुई और सरकार ने कार्रवाई की तो क्या सरकार यह बताएगी कि घटना न हो इसके लिए सरकार क्या कर रही है।