Uttrakhand News : खबर राजधानी देहरादून से सामने आ रही है जहां बिंदाल चौकी इंचार्ज कमल रावत को उनकी एक गलती भारी पड़ गई। दरअसल बिंदाल चौकी इंचार्ज पर आरोप है कि उन्होंने चोरी हुए वाहनों की FIR दर्ज नहीं की और शिकायतकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार भी किया था. इस कारण से बिंदाल चौकी इंचार्ज कमल रावत को देहरादून एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने तत्काल निलंबित कर दिया. वहीं इस मामले की जांच सीओ सीटी नरेंद्र पंत को दी गई है.
जानकारी के मुताबिक करीब एक महीने पहले ही तत्कालीन डीआईजी जन्मेजय खंडूरी ने कमल रावत को बिंदाल चौकी इंचार्ज बनाया था. आरोप है कि बिंदाल चौकी इंचार्ज बनने के बाद कमल रावत शिकायतकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं. इसकी शिकायत पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार तक भी पहुंची थी.
देहरादून एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने साफ किया है कि थाना और चौकियों में पहुंचने वाले पीड़ितों की सुनवाई अगर सही ढंग से नहीं हुई और उनकी एफआईआर नहीं दर्ज की जाती है, तो ऐसे पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. शांति और कानून व्यवस्था बनाये रखना पुलिस का पहला दायित्व हैं. अगर इस व्यवस्था में ही कोताही बरती जाएगी तो ऐसे थाना-चौकी प्रभारी अब नपेंगे.