Uttrakhand Breaking : G20 समिट के दौरान राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले रात्रि भोज के आमंत्रण पत्र पर ‘The President of Bharat’ लिखने पर विवाद शुरू हो गया है. जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. सीएम धामी का कहना है कि आमंत्रण पत्र पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ लिखा जाना देशवासियों के लिए गौरव का क्षण है. साथ ही गुलामी की मानसिकता पर एक और गहरी चोट है.
दरअसल, इस आमंत्रण पत्र पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ की जगह पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ लिखा गया है. यह आमंत्रण G20 समिट के दौरान राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले रात्रि भोज को लेकर है. जिस पर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई है, लेकिन सत्तारुढ़ दल के नेता इसका स्वागत कर रहे हैं और विपक्ष पर हमला बोल रहे हैं. गौर हो कि इंडिया शब्द पर विवाद उसी दिन से शुरू हुआ, जब विपक्षी दलों ने अपने गठबंधन का नाम इंडिया यानी आईएनडीआईए (I.N.D.I.A) रखा. अब यह विवाद तूल पकड़ने लगा है.