Poonch attack : जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में शहीद हुए उत्तराखंड के दो वीर सपूतों के शव आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाए गए. इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद एयरपोर्ट पर मौजूद थे. सीएम ने शहीदों को सलामी दी. इस दौरान जवानों की वीरता से लोग गर्वित थे तो उनकी शहादत से गमगीन भी नजर आए.
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सेना के वाहन पर हुए हमले में उत्तराखंड के बलिदानी कोटद्वार पौड़ी निवासी गौतम कुमार और चमोली निवासी वीरेंद्र सिंह के पार्थिव शरीर जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाए गए. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्थिव शरीरों पर पुष्प गुच्छ चढ़ाकर शहीदों को सलामी दी. वहीं सेना के जवानों द्वारा भी सलामी दी गई. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये बेहद दुखद घटना है. उत्तराखंड के दो लाल देश की सेवा करते हुए बलिदानी हो गए. उन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है. पूरा उत्तराखंड उनको नमन कर रहा है. देश उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा.