हरियाणा अगले 5 दिन भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा। प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी हो चुका है। हरियाणा का अधिकतम तापमान 47 डिग्री से पार हो चुका है। रविवार को नूंह में पारा 47.2 और सिरसा में 47 डिग्री पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग ने 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और बाकी 11 जिलों में 23 मई तक हीट वेव चलने को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि 25 मई से नौतपा भी शुरू होगा, जो 2 जून तक चलेगा। ऐसे में संभावना है कि तापमान 48 डिग्री से भी ऊपर जा सकता है। हालांकि 22 मई से बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का एरिया पैदा होगा, जिसके चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से इस माह के आखिर में नमी वाली हवाओं के आने से प्रदेश में बूंदाबांदी की संभावना बन सकती है। गर्मी की वजह से लोगों में उल्टी, दस्त तथा सिर चकराने के मामले बढ़ गए हैं। डॉक्टर ने लोगों से खुद को हाइड्रेट रखने के लिए अधिक से अधिक मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।