उत्तराखंड की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कारगर साबित हो रही गंगा गाय डेयरी योजना

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की ओर से कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं. जिसके तहत महिलाओं को पशुपालन से जोड़ने, दूध उत्पादन बढ़ाने और पलायन रोकने जैसे तिहरे उद्देश्य से एक ऐसी योजना काम कर रही है, जिसका फायदा अब तक हजारों महिलाएं उठा चुकी हैं. खास बात ये है कि इस योजना में 75 फीसदी तक की सब्सिडी दी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं.

‘गंगा गाय महिला डेयरी योजना’ से महिलाएं हो रही लाभान्वित: दरअसल, उत्तराखंड सरकार की ‘गंगा गाय महिला डेयरी योजना’ के अंतर्गत महिलाएं पशुपालन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रही हैं. जहां दुधारू पशुओं को खरीदने के लिए सरकार की ओर से 75 फीसदी तक सब्सिडी दी जा रही है. डेयरी विकास विभाग के निदेशक संजय खेतवाल ने बताया कि पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उनको आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गंगा गाय योजना चलाई जा रही है. जिसके तहत महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है.

इस योजना के तहत पशुपालक 2 से 5 पशुओं की खरीद कर सकता है. डेयरी विभाग दो पशुओं को खरीदने के लिए 1,60,000 रुपए, तीन पशुओं के लिए 2,46,500 रुपए और पांच पशुओं की खरीद के लिए 4,84,000 रुपए बैंक के जरिए उपलब्ध करा रहा है. जिसके तहत एससी और एसटी महिला लाभार्थी को 75 फीसदी की सब्सिडी दी जा रही है. जबकि, सामान्य वर्ग को 50 फीसदी की सब्सिडी दी जा रही है.