भगवान बदरीविशाल के अभिषेक के लिए “गाडू घड़ा यात्रा” का हुआ शुभारंभ

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर भगवान बदरीविशाल के अभिषेक एवं अखंड ज्योति हेतु प्रयुक्त होने वाले तिलों के तेल का कलश “गाडू घड़ा यात्रा” का मंगलवार 22 अप्रैल राजदरबार नरेंद्रनगर से शुभारंभ हो गया है।

देर शाम को राजमहल नरेंद्र नगर से महाराजा मनुजयेंद्र शाह ने सांसद महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित राजपरिवार तथा राजपुरोहित कृष्ण प्रसाद उनियाल एवं पुजारीगणों, श्रद्धालुओं, श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारियों की उपस्थिति में तेलकलश गाडू घड़ा को बदरीनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।

आज ही देर शाम को तेलकलश यात्रा पहले पड़ाव श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी )के रेल्वे रोड ऋषिकेश चेला चेतराम धर्मशाला/ विश्राम गृह पहुंचेगी तथा कल सुबह श्रद्धालु तेलकलश गाडू घड़ा के दर्शन करेंगे,बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित विशिष्ट अतिथि गण तेलकलश यात्रा के दर्शन को ऋषिकेश पहुंचेंगे।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारी तथा सदस्य 21 अप्रैल शाम को डिम्मर से ऋषिकेश मंदिर समिति धर्मशाला /विश्राम गृह पहुंच गये थे तथा आज मंगलवार 22 अप्रैल सुबह को राजदरबार नरेंद्र नगर पहुंचे जहां सांसद/रानी माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित सुहागिन महिलाएं पीत वस्त्र धारण कर परंपरागत रूप से ओखली में तिलों को कूटकर हाथों से तेल पिरोकर चांदी के घड़े में रखा। देर शाम को तेलकलश की पूजा-अर्चना तथा भोग के बाद महाराजा मनुजयेंद्र शाह तेल कलश को श्री बदरीनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे पहले पड़ाव ऋषिकेश सहित विभिन्न पड़ावों से होकर तेलकलश 3 मई शाम को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचेगा तथा 4 मई को प्रात: 6 बजे भगवान बदरीविशाल मंदिर के कपाट खुलेंगे।