Crime News : चार हजार रुपये के लिए खूनी खेल, डंडे से वारकर की युवक की हत्या

Crime News : देहरादून मे मजदूरी करने वाले युवक को उसके तीन साथियों ने चार हजार रुपये के लिए सिर पर डंडे से वारकर मार दिया था। पहले तीन दिन शव को घर पर रखा गया और इसके बाद उसे बिंदाल नदी में लालपुल से नीचे फेंक दिया गया। शव ठिकाने लगाने के लिए तीनों आरोपियों ने स्कूटर भी चोरी किया था, जिनमें से एक आरोपी स्कूटर चोरी और दूसरा नशा तस्करी में जेल जा चुका है। जबकि, तीसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय सिंह ने यह खुलासा किया। उनके अनुसार, 30 सितंबर को लालपुल के नीचे शव बरामद हुआ था। शुरुआत में इसकी शिनाख्त नहीं हुई। दो अक्तूबर को भाई ने शिव कुमार उर्फ बब्बू निवासी गढ़ा दुलारीनगर कमलरौली अमेठी यूपी के रूप में शव की पहचान की। शिव कुमार दून में कई वर्षों से काम कर रहा था। उसका मोबाइल नहीं मिल रहा था। लेकिन आज जैसे ही उसका बंद मोबाइल खुला। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आशीष उर्फ पप्पू निवासी नगर निगम कॉम्प्लेक्स को गिरफ्तार कर लिया।