Cm Dhami In Champavat : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हक में वोट मांगने के लिए इंडियन आइडल के विनर पवनदीप राजन चंपावत पहुंचे जहां उन्होंने अपनी सुरीली आवाज़ के जरिए चंपावत की जनता से सीएम पुष्कर सिंह धामी को वोट देने की अपील की। इस दौरान कार्यक्रम में चंपावत के निवर्तमान विधायक कैलाश गहतोड़ी और सीएम पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी भी मौजूद रहीं।
सीएम की पत्नी गीता धामी ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
चंपावत चुनाव के लिए कम ही समय शेष रह गया है ऐसे में चंपवात उपचुनाव के लिए मंत्री व विधायकों ने चुनाव प्रचार—प्रसार भी तेज़ कर दिया है। इसी क्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी को जीत दिलाने के मकसद से चंपावत के बेटे व रियालिटी शो इंडियन आइडल के विनर पवनदीप राजन मुंबई से चंपवात पहुंचे जहां उनके लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएम पुष्कर की पत्नी गीता धामी ने किया।
पवन के गीतों पर थिरके चंपावत के लोग
इस दौरान पवनदीप की मधुर आवाज़ को सुनने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और पवनदीप के गीतों पर झुमते हुए दिखाई दिए। कार्यक्रम में पवनदीप ने स्थानीय भाषा में कई गीत गाए जिनपर लोग थिरकते हुए दिखाई दिए। यही नहीं पवनदीप ने सीएम पुष्कर के लिए जनता से वोट की अपील भी की और कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का लगातार विकास हो रहा है और आने वाली 31 मई को सीएम पुष्कर सिंह धामी को वोट देकर विजयी बनाएं जिससे ये विकास की गंगा निरंतर बहती रहे।