38वें राष्ट्रीय खेलों के भव्य और सफल आयोजन के बाद खेल मंत्री रेखा आर्य ने 15 फरवरी को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर और हरिद्वार हर की पैड़ी पहुंचकर पूजा अर्चना की. उन्होंने नेशनल गेम्स के सफल आयोजन के लिए दोनों धार्मिक स्थलों पर पूजा करके भगवान से मनोकामना मांगी थी. शनिवार सुबह सबसे पहले खेल मंत्री रेखा आर्य टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची. वहां उन्होंने जलाभिषेक और आरती की. वहीं नेशनल गेम्स में मेडल जीतने वाले उत्तराखंड के 103 खिलाड़ी जल्द एक साथ महाभोज में जुटेंगे.
उन्होंने आयोजन से पहले टपकेश्वर महादेव को पहला निमंत्रण पत्र अर्पित करते हुए भोले बाबा का आशीर्वाद मांगा था. खेल मंत्री ने कहा कि उन्होंने ईश्वर से जितना मांगा था, उससे कही बढ़कर आशीर्वाद मिला. हमारे खिलाड़ी इन खेलों में इतिहास बनाने में कामयाब रहे.
प्रदेश के सात जिलों के 12 शहरों में अलग-अलग इवेंट्स में चैंपियन बने उत्तराखंड के 103 सितारें जल्द ही एक महाभोज में एकजुट होंगे. खेल मंत्री रेखा आर्य के निर्देश पर खेल विभाग यह आयोजन करने जा रहा है. इसके अलावा पदक विजेताओं को मिलने वाली नकद धनराशि और अन्य सरकारी घोषणाओं को भी जल्द से जल्द अमली जामा पहनाने के निर्देश दिए गए हैं.