केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा की जीत, भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल ने कांग्रेस के मनोज रावत को 5623 मतों से हराया

केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा ने नाक की लड़ाई में अपनी सीट बरकरार रखी है. भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल ने कांग्रेस के मनोज रावत को कुल 5623 मतों से पराजित किया. भाजपा की आशा नौटियाल को कुल 23814 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मनोज रावत को 18191 वोट प्राप्त हुए. इस चुनाव में निर्दलीय त्रिभुवन चौहान ने दोनों दलों की नाक में दम करते हुए अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई. उन्होंने 9303 मत प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया.

इस विधानसभा सीट पर पहले, चौथे और पांचवें राउंड में त्रिभुवन चौहान दूसरे स्थान पर आ गये थे. वहीं, दो प्रत्याशियों को नोटा से भी कम वोट मिले. अगस्त्यमुनि के क्रीड़ा भवन में सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारम्भ हुई. सबसे पहले पोस्टल मतपत्रों की गिनती प्रारम्भ की गई. जिसके बाद लगभग 9 बजे पहले राउंड की मतगणना के परिणाम आये, जिसमें भाजपा ने 213 मतों से बढ़त पाई.

यह बढ़त भाजपा ने हर राउंड में बरकरार रखी. जो हर राउंड में बढ़ती चली गई. चौथे चक्र में निर्दलीय त्रिभुवन चौहान ने सबसे अधिक 2120 मत प्राप्त किए. जबकि 7वें चक्र में कांग्रेस के मनोज रावत ने सबसे अधिक 2309 मत प्राप्त किए. लेकिन वे भाजपा की आशा नौटियाल से बढ़त नहीं ले सके. 13वें एवं अंतिम राउंड के बाद आशा नौटियाल 5099 मतों से आगे रहीं. पोस्टल वोट जुड़ने के बाद यह अंतर 5623 मत हो गया. 8वें राउंड तक भाजपा की बढ़त 3 हजार होते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी.