धर्म और पंथ के खिलाफ नहीं…… कुप्रथाओं को मिटाकर समानता से समरसता स्थापित करने का उपाय है UCC : सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार 31 मार्च को यूपी के बरेली में पहुंचे. यहां उन्होंने समान नागरिक संहिता को लेकर फिर से बड़ा बयान दिया है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यूसीसी के जरिए उत्तराखंड की मुस्लिम बहन-बेटियों को हलाला और शिद्दत जैसी कुप्रथाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा. इसके अलावा महिलाओं को विरासत और संपत्ति के अधिकार में भी भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ेगा.

दरअसल, उत्तराखंड के समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए बरेली में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सम्मानित किया गया. इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने न सिर्फ यूसीसी के बारे में लोगों को बताया, बल्कि विपक्षी दल पर भी यूसीसी को लेकर निशाना साधा.

सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यूसीसी किसी भी धर्म और पंथ के खिलाफ नहीं है. यूसीसी समाज की कुप्रथाओं को मिटाकर समानता से समरसता स्थापित करने का उपाय है. इसमें किसी भी धर्म की मान्यताओं को समाप्त नहीं किया गया है.