Maharaj On Kedarnath controversy : उत्तराखंड के चार धामों में से एक केदारनाथ धाम इन दिनों किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में बना हुआ है जहां कभी मंदिर में लगी सोने की परत की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो कभी महिला द्वारा मंदिर में स्थित शिवलिंग पर नोट उड़ाने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसी बीच अब पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जानकारी देते हुए बताया है कि मंदिर में स्थित शिवलिंग पर नोट उड़ाने वाली महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि केदारनाथ धाम के गर्भ गृह में सोने की परत के पीतल का होने के दावे के बाद जांच बिठा दी गई है। मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि जिस दानदाता ने सोना दान दिया है उसी ने ही मंदिर के गर्भ गृह में सोने की परत लगाई है ऐसे में जांच के बाद अगर सत्यता पाई जाती है तो कार्यवाही की जाएगी। यही नहीं महाराज ने कहा कि उनकी कोशिश है कि चार धाम की संस्कृति और धार्मिकता को सुरक्षित रखा जाए, ऐसे में लोगों को भी चाहिए कि ज्यादा कमेंट ना करें और यदी ऐसे मामले सामने आते हैं तो उन्हें अवगत कराया जाए ताकि उसकी जांच कराई जा सके। यही नहीं उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में चार धाम की बदनामी ना हो उसका ख्याल सभी को रखना चाहिए।