हरियाणा राज्य की दस लोकसभा सीटों पर कुल 65 फीसदी मतदान हुआ। यह आंकड़ा रात आठ बजे तक का है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में 70.34 फीसदी मतदान हुआ था। पिछली बार की तुलना में इस बार करीब 5.34 फीसदी कम मतदान हुआ। वहीं, करनाल विधानसभा उपचुनाव में 57.8 फीसदी मतदान हुआ। मतदान कम होने से राजनीतिक दल असमंजस में हैं। देर रात तक सभी गुणा-भाग करने में जुटे रहे।
हरियाणा की दस लोकसभा सीटों व करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान की प्रक्रिया पूरी होने साथ ही 223 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। छिटपुट झड़पों को छोड़कर पूरे प्रदेश में मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान कम होने के पीछे भीषण गर्मी और मतदाताओं की उदासीनता को माना जा रहा है। शनिवार को सभी जिलों में 41 से 46.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कड़ी धूप होने से दोपहर में लोग घरों से नहीं निकले।
पिछले चार चुनावों को देखें तो इस बार सबसे कम मतदान देखा गया है। 2004 में 66.72 फीसदी, 2009 में 67.49, 2014 में 71.45 फीसदी, 2019 में 70.34 फीसदी मतदान दर्ज हुआ था। राज्य में सबसे ज्यादा मतदान सिरसा लोकसभा सीट में 69 फीसदी हुआ। पिछले चुनाव में इस सीट पर 75.99 फीसदी मतदान हुआ था। सबसे कम मतदान फरीदाबाद लोकसभा सीट पर 59.7 फीसदी रिकॉर्ड हुआ। इस लोकसभा सीट पर पिछले साल 64.1 फीसदी मतदान हुआ था।