वन मंत्री सुबोध उनियाल की व्हाट्सऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस जानकारी के बाद वन मंत्री ने सोशल मीडिया पर लोगों से इस तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की है। साथ ही, इस मामले में पुलिस से भी शिकायत की जा रही है।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि शनिवार को उनके कुछ परिचितों के पास एक व्हाट्सऐप नंबर से मैसेज आया। इस पर उनकी फोटो लगी थी। मैसेज करने वाले ने लोगों से पैसों की डिमांड की। इसी तरह कई लोगों के पास मैसेज जाने पर उन्हें इसकी जानकारी एक करीबी ने दी। इसके बाद उन्होंने तत्काल सबको इस नंबर को ब्लॉक करने और सावधान रहने को कहा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट डालते हुए जानकारी दी कि उनकी फोटो लगाकर फर्जीवाड़ा करके लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं। अगर किसी के पास ऐसा मैसेज आए तो उन्हें और पुलिस को जानकारी दें। मंत्री ने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की जा रही है।