बॉबी कटारिया के घर देहरादून पुलिस ने चस्पा किया कुर्की नोटिस, 25 हजार का इनाम भी घोषित

देहरादून में खुलेआम सड़क पर ट्रैफिक रुकवा शराब पीने के मामले में यूट्यूबर बॉबी कटारिया के घर पर पुलिस ने कुर्की नोटिस (सीआरपीसी 82) चस्पा कर दिया है। अब अगर वह एक माह तक उपस्थित नहीं होता है तो उसके घर की कुर्की(सीआरपीसी 83) के लिए कोर्ट में आवेदन करेगी। कटारिया के खिलाफ लुक आउट सर्रकुलर जारी होने के साथ ही 25 हजार का ईनाम भी घोषित किया जा चुका है।

पिछले दिनों पुलिस ने कुर्की वारंट कोर्ट से हासिल किया था। कटारिया अब भी फरार चल रहा है। उसकी वीडियो लगातार इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। पिछले महीने बॉबी कटारिया की एक वीडियो वायरल हुई थी। वह सड़क पर ट्रैफिक रुकवाकर शराब पीता दिख रहा था। इस मामले में डीजीपी के आदेश पर 11 अगस्त को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

यह वीडियो उसने 25 जुलाई को किमाड़ी मार्ग पर रिकार्ड कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद कटारिया ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड पुलिस को धमकी भी दी थी। इस मामले में उसे कई बार बुलाने के लिए नोटिस जारी किए गए। वह उपस्थित नहीं हुआ। पिछले दिनों पुलिस ने गैर जमानती वारंट हासिल कर उसकी गिरफ्तारी की कोशिश की। तब हाथ नहीं आया।इंस्पेक्टर कैंट राजेंद्र ‌सिंह रावत ने बताया कि शनिवार को कोर्ट ने कुर्की वारंट जारी कर दिए थे। मंगलवार को उसके बसई, गुरुग्राम स्थित घर और दुकानों पर कुर्की वारंट चस्पा कर दिए गए हैं। इसके साथ ही उसके घर के आसपास के क्षेत्र में भी यह वारंट चस्पा किए गए हैं। यदि वह फिर भी उपस्थित नहीं होता है तो उसके खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।