राजधानी देहरादून में ट्रैफिक की समस्या का हल रिस्पना और बिंदाल के जरिए निकलेगा. लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसके तहत इन नदियों पर एलिवेटेड रोड बनाए जाने का प्रस्ताव है. इन दोनों ही नदियों पर एलिवेटेड रोड बनाए जाने के लिए करीब 5000 करोड़ का बजट लगने की उम्मीद है. ऐसे में विभागीय स्तर पर इसके लिए होमवर्क भी शुरू कर दिया गया है.
देहरादून में रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड फोर लेन बनाए जाने की तैयारी की जा रही है. लोक निर्माण विभाग इसके लिए धरातल की स्थिति जांचने के साथ ही फाइनेंशियल स्थितियों पर भी होमवर्क कर रहा है. दरअसल, देहरादून में ट्रैफिक की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए इस प्रोजेक्ट को बेहद अहम माना जा रहा है.
इसके तहत देहरादून की रिस्पना और बिंदाल में एलिवेटेड रोड बनाकर ट्रैफिक का दबाव शहर से कम किया जायेगा. हालांकि अभी यह प्रोजेक्ट शुरुआती चरण में है और फिलहाल इस प्रोजेक्ट के लिए जरूरी तमाम बिंदुओं पर सचिव PWD पंकज कुमार पांडेय के स्तर से विचार चल रहा है. खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट के लिए इन नदियों पर लैंड एक्विजिशन का काम शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा यहां मौजूद फॉरेस्ट लैंड ट्रांसफर के लिए भी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.
प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग की भी हो रही व्यवस्था: जाहिर है कि यह प्रोजेक्ट काफी बड़ा है और महत्वपूर्ण भी. इसीलिए इस प्रोजेक्ट के लिए भारी भरकम बजट की भी आवश्यकता होगी. इसी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के स्तर पर इस योजना के लिए फंडिंग की व्यवस्था कैसे की जा सकती है, इसके लिए भी चर्चा की जा रही है.