हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर धर्मेंद्र प्रधान ने भरी हुंकार, अपने संबोधन में कांग्रेस को घेरा

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कमर कसने और कांग्रेस के ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ को उजागर करने के लिए जनसंपर्क बढ़ाने को कहा। प्रधान को हाल ही में हरियाणा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रधान ने रोहतक में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और पार्टी के वरिष्ठ नेता बिप्लब कुमार देब के साथ पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित किया।

हरियाणा का चुनाव प्रभारी नियुक्त होने पर प्रधान को स्थानीय यूनिट द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा मनोहर लाल और गुर्जर को भी सांसद निर्वाचित होने पर सम्मानित किया गया। प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में एक बार फिर गरीबों, किसानों, वंचित वर्गों और आम लोगों की सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से तैयारी में जुटने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी मुकाबले या मुश्किल काम की सफलता में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सैनी या किसी अन्य की तरह कार्यकर्ताओं का पार्टी पर पूरा अधिकार है।