रुद्रप्रयाग: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच इन दिनों तनाव का माहौल है. जिसके तहत पाकिस्तान नापाक हरकत कर लगातार हमले कर रहा है, जिसका भारत मुंहतोड़ जवाब दे रहा है. ऐसे में भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने और सभी सैनिकों की सलामती के लिए दुआएं की जा रही है. इसी कड़ी में केदारनाथ धाम में ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना के लिए विशेष पूजा-अर्चना के तहत रुद्राभिषेक किया गया. इस दौरान केदारनाथ मंदिर परिसर में बाबा केदार के साथ ही भारतीय सेना के जयकारों की गूंज सुनाई दी.
केदारनाथ में किया गया विशेष रुद्राभिषेक: बता दें कि आज केदारनाथ मंदिर में बदरी केदार मंदिर समिति और केदार सभा के पदाधिकारी, तीर्थ पुरोहित एवं पुलिसकर्मियों ने विशेष रुद्राभिषेक किया. जिसमें बाबा केदार से ऑपरेशन सिंदूर को कामयाब बनाने और भारतीय सेना को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई.