फतेहाबाद के गांव भोडा होश्नाक में सड़क निर्माण की वीडियो बनाने के विवाद में सरपंच के रिश्तेदार पर परचून दुकानदार ने तेजाब फेंक दिया। जिससे व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया। व्यक्ति को गंभीर हालत में सीएचसी बड़ोपल ले जाया गया और फिर अग्रोहा मेडिकल रेफर किया गया है। झुलसा व्यक्ति किसान संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है। जिससे चलते किसान संगठन के सदस्यों ने बड़ोपल चौकी के बाहर धरना शुरू कर दिया है और आरोपी दुकानदार पर कार्रवाई की मांग की है।
तेजाब से व्यक्ति की पीठ, जांघ आदि जल गई है। मामले के मुताबिक गांव भोड़ा होशनाक निवासी संदीप कुमार ने बताया कि गांव में इंटरलोकिंग सडक़ का निर्माण कार्य चल रहा है। दुकानदार कृष्ण कुमार काम की वीडियो बनाकर ले आया। मामले को लेकर मिस्त्री ने सरपंच रमेश कुमार को सूचना दी।
सूचना के बाद रमेश कुमार, सुरेश ठेकेदार, रिश्तेदार गंगाराम उर्फ रामनिवास को लेकर दुकानदार के पास पहुंचे और वीडियो बनाने का कारण पूछा, इस दौरान दुकानदार ने बहस शुरू कर दी और गंगाराम पर ज्वलनशील पदार्थ तेजाब फेंक दिया। जिससे वह आगे और पीछे से झुलस गया। घटना के बाद दुकानदार मौके से फरार हो गया। वहीं घटना के बाद किसान संगठन से जुड़े लोगों ने बड़ोपल चौकी के बाहर धरना दे दिया है और आरोपी दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तारी की मांग कर रहे है।