पुलिस की 4600 रुपये ग्रेड पे की मांग के बीच अतिरिक्त एसआई का पद सृजित करने के फैसले को कांग्रेस ने सरकार का छल करार दिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि सरकार ने एआईआई नियुक्ति करने की बात कही है। लेकिन नए पद से और वर्दी पर स्टार लगाने से पेट नहीं भरता। पुलिस कर्मियों की सेवाएं बहुत चुनौतीपूर्ण होती हैं।
वार-त्योहार पर भी पुलिस कर्मी अपने घर परिवार के साथ रहने के बजाए चौबीस घंटे जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं। कठिन वक्त में आम आदमी की रक्षा के लिए वो ही सीना तानकर आगे खड़े होते हैं। सरकार के ग्रेड पे पर फैसला न लेने से पुलिस कर्मियों के परिवारों का धक्का लगा है। पहले सरकार ने वादा किया था वो ग्रेड पे बढ़ाने का काम करेगी। लेकिन दोबारा सत्ता में आते ही सरकार अपने वादे को भूल गई। कांग्रेस पुलिस कर्मियों के साथ खड़ी है।