केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि पिछले कई समय पंतनगर में एयरपोर्ट की बात विवादित हो रही थी। इसको लेकर बार-बार न्यायालय में जनहित याचिका दायर हो रही थी, वह पूरी तरीके से निस्तारित हो चुकी है। अतिशीघ्र एयरपोर्ट का मसला जल्द सुलझा लेंगे और नये एयरपोर्ट पर कार्रवाई प्रारंभ हो जाएगी।
इसके लिए एविएशन को देख रहे केंद्र के सचिव से वार्ता हो चुकी हैं। यथाशीघ्र एक नई टीम केंद्र से आकर इन सारी चीजों को देखेगी। हो सकता है कि पुराने एयरपोर्ट का विस्तारीकरण हो जाए और अंतरराष्ट्रीय स्तर का रूप ले ले। रविवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री भट्ट भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री विकास शर्मा के स्वागत समारोह में आयोजित बाइक रैली में शामिल होने के बाद भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पंतनगर मोड़ यानि टी प्वाइंट जहां से एक सड़क हल्द्वानी और एक सड़क पंतनगर को जाती है। वहां से एयरपोर्ट के लिए हमें 17 से लेकर 21 एकड़ जमीन लेने की आवश्यकता है। आसपास के लोगों को इसे देने में भी कोई गुरेज नहीं हैं। यहां रहने वाले को अन्य स्थान पर बसाया जाएगा और धनराशि भी दी जाएगी।इसके बाद हमें कोई परेशानी नहीं होगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यहां की उड़ाने शुरू कर सकते हैं। यह ऐतिहासिक होगा। चूंकि हमारे पास अंतरराष्ट्रीय स्तर को कोई एयरपोर्ट नहीं है। देहरादून में भी जगह नहीं होने के कारण हमें बहुत दिक्कत आ रही है। कोई न कोई ऐसा एयरपोर्ट होना चाहिए जहां से हम अंतरराष्ट्रीय स्तर की उड़ानों को संचालित कर सके। उन्होंने कहा कि मैं बहुत आशावादी हूं, मुझे पूर्ण विश्वास है कि इसमें हमें सफलता मिलने जा रही है।