रुद्रप्रयाग: मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली है. हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है. निचले इलाकों में बारिश होने लगी है. दो दिन से केदारनाथ, तुंगनाथ, मदमहेश्वर धाम सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है. मिनी स्विट्जरलैंड चोपता में बर्फबारी होने से देश-विदेश से पर्यटक बर्फबारी आनंद उठाने को भी पहुंच रहे हैं. बर्फबारी का आनंद लेने आ रहे रहे पर्यटक बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद भी ले रहे हैं. इससे शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा मिल रहा है.
केदारनाथ में जोरदार बर्फबारी: पहाड़ी क्षेत्रों में दो दिन से मौसम खराब है, जिसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तो निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है. केदारनाथ धाम में बर्फबारी से ठंड का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है. यहां आईटीबीपी के साथ पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं. जवानों को भारी ठंड में पानी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है. यहां तीन से चार इंच तक बर्फ जम चुकी है.