आत्महत्या की नीयत से दो युवकों ने गौला नदी में लगाई छलांग, एक की मौत दूसरा अस्तपाल में भर्ती

हल्द्वानी में गौला पुल से दो युवकों ने अलग-अलग समय गौला नदी में कूद मार दी। घटनाओं में एक युवक घायल हो गया जबकि दूसरे की मौत हो गई। घायल का सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

बनभूलपुरा लाइन नंबर सात निवासी युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर दो बजे युवक गौला पुल पर पहुंचा और नदी में कूद लगा दी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को गौला नदी से निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत में सुधार है।

वहीं लाइन नंबर 17 लाल मस्जिद के पास बनभूलपुरा निवासी आदिल (23) पुत्र इकबाल मटर गली में अपने चाचा सरफराज के कपड़े की दुकान में काम करता था। दोपहर में वह चाचा से भोजन करने की बात कहकर घर के लिए निकला था। शाम तक वापस नहीं पहुंचा। इधर, शाम चार बजे युवक के गौला नदी में कूदने की सूचना मिली। पुलिस और राहगीरों ने उसे बेस अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के पिता भूसे का काम करते हैं।