Saurabh Bahuguna In Kedarnath : केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं को जानने के लिए खुद यात्रा मार्ग के निरीक्षण के लिए निकले प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा

Saurabh Bahuguna In Kedarnath : उत्तराखंड की चार धाम यात्रा इन दिनों चरम पर है, ऐसे में जिला प्रशासन के साथ ही सरकार द्वारा भी लगातार यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए खुद कैबिनेट मंत्री एवं रुद्रप्रयाग प्रभारी मंत्री सौरभ ने केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं को जानने के लिए यात्रा मार्ग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड से जंगल चट्टी तक निरीक्षण कर यात्रा मार्ग पर मिले यात्रियों के साथ ही घोड़ा खच्चर स्वामियों से भी बातचीत की। निरीक्षण के बाद मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं को और ज्यादा बेहतर बनाने का प्रयास सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन का यही प्रयास है कि यात्रा पर आए तीर्थ यात्रियों को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सके। यही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा घोड़े खच्चरों के स्वास्थ्य का भी ख्याल रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं और यदी कोई कमजोर और अनफिट घोड़ों का संचालन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।