Mixer Driver Hit By Dumper : डंपर की चपेट में आया मिक्सर चालक, रेल परियोजना की सुरंग में काम के दौरान हुआ हादसा

Mixer Driver Hit By Dumper : गेज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के तहत जवाड़ी बाईपास पर निर्माणाधीन सुरंग के अंदर विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ने मिक्सर चालक को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की वजह सुरंग में लाइट की व्यवस्था न होना भी माना जा रहा है।

घटना से आक्रोशित लोगों ने कार्यदायी कंपनी मेघा और रेलवे विकास निगम के खिलाफ प्रदर्शन करने के साथ ही बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया। देर शाम परिजनों की तहरीर पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ गैरइरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज होने व उचित मुआवजे के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शव उठाया।

बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे टनल पर जवाड़ी बाईपास से करीब 100 अंदर शार्टकिट के लिए मिक्सर मशीन में काम चल रहा था। इसी दौरान मिक्सर वाहन चालक सुनील गोस्वामी अचानक तेज पानी की धार में अनियंत्रित होकर गिर गया तभी सुरंग से दूसरी ओर से आ रहे डंपर ने उसे रौंद दिया। आसपास अन्य मजदूर एकत्र हुए लेकिन तब तक सुनील दम तोड़ चुका था। सुरंग में लाइट न होना भी घटना की वजह बताई जा रही है।