हरियाणा की करनाल लोकसभा और विधानसभा सीट पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। करनाल सीट राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के दस साल के शासन की परीक्षा बन गई है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर यहां से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल सीट से विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे हैं। मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफा दिए जाने के कारण करनाल सीट खाली हो गई थी।
पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है लेकिन 54 वर्षीय नायब सिंह सैनी पूरे राज्य में घूम-घूमकर जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं। हाल ही में करनाल विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करते हुए सैनी ने भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में बात की। सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री खट्टर के लगभग एक दशक लंबे शासन ने कांग्रेस के राज में शुरू हुई ‘पर्ची-खर्ची’ प्रणाली को समाप्त कर दिया, जिसमें नौकरियां ‘पक्षपात और भ्रष्टाचार’ के आधार पर दी जाती थीं।