Haryana Breakings : पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के अद्भुत जीत से परिजन गदगद हैं। भारतीय टीम ग्रेट ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। जिले के स्टार खिलाड़ियों ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अभिषेक नैन ने मुकाबले में करीब चार बार विरोधी टीम के डिफेंस को भेदकर गोल दागने का प्रयास किया। सुमित कुमार ने डिफेंस के साथ अटैक व मिडफील्ड में बेहतर प्रदर्शन कर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने में मदद की।
मयूर विहार निवासी अभिषेक नैन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए विरोधियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। अभिषेक ने पहले पांच मिनट में ही ग्रेट ब्रिटेन के डिफेंस को भेद कर गोल करने की कोशिश की, लेकिन कीपर के पैड से लगकर बॉल बाहर चली गई। दूसरे राउंड में अभिषेक नैन ने गोल करने की लगातार कई कोशिश की। लेकिन भाग्य का साथ नहीं मिला।