देहरादून: उत्तराखंड चारधाम के कपाट खुलने से पहले धामों में अग्रिम दलों को रवाना किया जाता है. ताकि मंदिर परिसर की साफ सफाई समेत मंदिर से जुड़े अन्य व्यवस्थाओं को समय पर मुकम्मल कर लिया जाए. जहां एक ओर अग्रिम दलों की रवानगी शुरू हो गई है. तो वहीं दूसरी ओर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने इस साल बड़ा निर्णय लिया है. जिसके तहत केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम के मंदिर परिसर में एक भी दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी.
चारधाम यात्रा शुरू होने में अब महज 20 दिनों का ही वक्त बचा है. ऐसे में बीकेटीसी, मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने पर जोर दे रहा है. क्योंकि बदरीनाथ और केदारनाथ में कभी भी मौसम करवट ले लेता है. जिसके कारण काम करना कर्मचारियों के लिए चुनौती भरा हो जाता है. ऐसे में बीकेटीसी का अग्रिम दल मंदिर समिति के विश्राम गृहों, कार्यालयों, तमाम पूजा काउंटरों, दर्शन पंक्ति, स्वागत कार्यालय, मंदिर परिसर के आसपास सौंदर्यीकरण का काम, विद्युत, पेयजल, संचार व्यवस्था, साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी मरम्मत कार्य कर रही है.