Assam Flood Update : असम में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है जहां 24 घंटों में बाढ़ के कारण 11 लोगों की मौत हो गई है तो वहीं काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ का पानी आ जाने के बाद हाथी और हिरण उसमें तैरते हुए किसी सुरक्षित स्थान की तलाश करते हुए नजर आए।

42 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित
बता दें कि असम में बीते 24 घंटे में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बात की जानकारी राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने दी है। असम में अब तक 42 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। शहर के रिहायशी इलाकों में हालात ज्यादा बदतर हैं। स्थानीय प्रशासन ने NDRF और सेना के जवानों को मैदान में उतारा है और युद्धस्तर पर सेना के जवान बाढ़ में फंसे लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।

Assam Flood Update : बाढ़ से अबतक 8 वन्यजीवों की भी हुई मौत
काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ के हालात को देखते हुए वाहनों की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे की कर दी गई है। बाढ़ की वजह से काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में अब तक 8 वन्यजीवों की मौत हो चुकी है। काजीरंगा नेशनल पार्क के 18 फीसदी हिस्से में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। पार्क के 223 वन शिविरों में से 55 बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। अगरतली वन क्षेत्र में 16, कहरा वन क्षेत्र में नौ, बागरी वन क्षेत्र में 10, बुड़ापहाड़ वन क्षेत्र में छह, बोकाखाट वन क्षेत्र में तीन, विश्वनाथ वन प्रमंडल में आठ और नगांव वन संभाग में तीन वन शिविर जलमग्न हो गए हैं।