इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) के बाहर एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुष्ट सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति को अकादमी के पास से गिरफ्तार किया गया है। गोपनीय ऑपरेशन के तहत एसटीएफ ने गिरफ्तारी की है। गिरफ्तार व्यक्ति सैन्य ऑफिसर की वर्दी में आईएमए के बाहर घूम रहा था।
संदिग्ध व्यक्ति से एसटीएफ और आर्मी इंटेलिजेंस पूछताछ कर रही है। सूत्रों की मानें ताे देर शाम तक गिरफ्तारी पर खुलासा हो सकता है। हालांकि, अभी तक गिरफ्तारी पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आपको बता दें कि शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित पासिंग आउट परेड में 288 नौजवान भारतीय सेना का हिस्सा बने हैं।
इनके साथ ही 10 मित्र देशों के 89 विदेशी कैडेट भी पास आउट हुए है। दक्षिण पश्चिम कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह ने बतौर रिव्यू ऑफिसर परेड की सलामी ली थी। इससे पहले भी पीओपी के दौरान, पुलिस और एसअीएफ ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को गिरफ्तार किया था।