कांग्रेस में हार पर रार! दो चुनाव हार गए फिर भी नहीं ले रहे सबक, कहते हुए दो कांग्रेसियों ने दिया इस्तीफा

हफ्ते के पहले ही दिन कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांगेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. आरपी रतूड़़ी और महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश रमन ने आज पार्टी को अलविदा कह दिया। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए सभी पदों को और प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के फैसले की जानकारी दी।

उन्होंने पार्टी के भीतर बढ़ते अंतर्कलह, शीर्ष नेताओं के मतभेद और अपनी उपेक्षा पर गहरी नाराजगी जाहिर की है।  दशकों से कांग्रेस से जुड़े रहे रतूड़ी और रमन के इस फैसले से कांग्रेस के भीतर खासी हलचल है। डॉ. रतूड़ी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज मन अत्यंत आहत है।

मैंने अपने जीवन के 45 साल कांग्रेस पार्टी को दिए और अब कांग्रेस के जो हालात हैं वह भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है। पार्टी नेतृत्व द्वारा जिस तरह के फैसले लिए जा रहे हैं पार्टी में जिस तरह का अर्तकलह है, वह सब अत्यंत ही दुःखद हैं। 2017 के चुनाव परिणाम से सबक लेने के बजाय 2022 की चुनावी हार के बाद पार्टी में गुटबाजी और तेज हो रही है।

कांग्रेस पार्टी का उत्तराखंड का नेतृत्व नहीं चाहता कि 2027 में पार्टी चुनाव जीते। चंपावत चुनाव में पार्टी की जो दुर्गति हुई उसके बाद भी जब बड़े नेता लगातार सोशल मीडिया पर रोज झगड़ते दिख रहे हैं उससे कार्यकर्ता अत्यंत हतोत्साहित है। इसलिए मैं आज आहत होकर कांग्रेश पार्टी के सभी पदों से अपने को मुक्त करते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे रहा हूं।