मिड डे मिल खिलाते वक्त भोजनमाता-शिक्षक नहीं पहन सकेंगे जूते-चप्पल, महानिदेशक शिक्षा के दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों में छात्रों को मिड डे मील (एमडीएम) खिलाते वक्त भोजनमाता और शिक्षक जूते नहीं पहनेंगे।  महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी ने मंगलवार को इसके आदेश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के निरीक्षण के दौरान देखा जा रहा है कि भोजनमाताओं द्वारा जूते या चप्पल पहन कर एमडीएम वितरित किया जा रहा हैं।

कुछ स्कूलों में शिक्षकों और कर्मियों द्वारा भी बच्चों के भोजन ग्रहण करने वाले स्थान पर जूते पहन कर आवाजाही की जा रही है। यह स्थिति अत्यंत खेदजनक है। साथ ही संस्कारहीन भी है।इससे गंदगी भी फैलती है। महानिदेशक ने कहा कि इसलिए बच्चों को टाट-पटटी में कतार में बैठाने के पश्चात भोजन वितरण का कार्य किया जाये।

भोजनमाता हैडकवर, ग्लव्स पहनकर भोजन वितरण करेंगे। सैंडल, जूते, चप्पल पहनकर भोजन वितरण का कार्य कदापि नहीं करेंगे। किसी भी दशा में बच्चों के भोजन ग्रहण करने वाले स्थान पर जूते पहनकर तथास अनावश्यक चहल कदमी नहीं करेंगे। उल्लंघन होने पर तत्काल कठोर कार्यवाही की जाएगी।