अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून हाथी बड़कला सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में कृषि विभाग के “उत्तराखण्ड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला रही। इस अवसर पर कृषि मंत्री और माता मंगला ने प्रदेशभर से आईं महिला किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए “उत्तराखण्ड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025” से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माता मंगला ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी समाज की रीढ़ है और उनके बिना किसी भी समाज की उन्नति संभव नहीं है। उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन को मंत्री गणेश जोशी को बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं केवल परिवार और समाज संवारने वाली नहीं, बल्कि सशक्त नेतृत्व और प्रगति की आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा, कि “हर नारी के भीतर असीम शक्ति छिपी होती है, जरूरत है उसे पहचान आगे बढ़ाने की।” उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने सपने साकार कर समाज में नई ऊंचाइयां छू सकें।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इस अवसर पर सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कृषि विभाग संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला किसान जैविक खेती, आधुनिक तकनीकों और नवाचार अपनाकर उत्तराखंड की खेती को नई दिशा दे रही हैं। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और आज भी वे प्रदेश की आर्थिकी मजबूत करने में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन को डबल इंजन सरकार निरंतर कार्य कर रही है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 03 करोड़ “लखपति दीदी” बनाने की परिकल्पना की है। इसे उत्तराखंड में सफल बनाने को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने इस रजत जयंती वर्ष में नवंबर 2025 तक 1.50 लाख “लखपति दीदी” बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि समाज की पूरी धुरी महिलाओं के आसपास घूमती है और सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न योजनाओं और नीतियों से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने को राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
महिला किसानों के अनुभव:कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आईं महिला किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि धामी सरकार को वे अपने मायके की तरह देखती हैं, जहां हर जरूरत का ध्यान रखा जाता है। महिलाओं ने कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के पिता समान भूमिका निभा रहे हैं, जो हर कदम पर सहयोग और समर्थन दे रहे हैं। इस अवसर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।