राज्य सरकार अवैध मदरसों, अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी : सीएम धामी

उत्तराखंड में अवैध मदरसों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप को बचाए रखना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो भी बाहर से अपनी पहचान छिपाकर आएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि करीब 160 मामलों में कार्रवाई की गई है। साथ ही, कहा कि हम राज्य में सत्यापन अभियान चलाएंगे। राज्य सरकार अवैध मदरसों, अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी। हमने अवैध फंडिंग मामलों की जांच शुरू की है। सीएम धामी ने कहा कि हम राज्य में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। आने वाले समय में अवैध मदरसों के फंडिंग के स्रोत की जांच भी शुरू की जाएगी।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। देवभूमि का मूल स्वरूप बनाए रखना जरूरी है। अवैध तरीके से आकर यहां रहने वाले लोगों, अवैध अतिक्रमण और अवैध मदरसों की पहचान की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि हम प्रदेश की छवि को खराब नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सालों भर पूरी देश-दुनिया के लोग आते हैं। उन्हें सुरक्षित माहौल और बेहतर कानून-व्यवस्था उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।

सीएम धामी ने कहा कि कानून के साथ जीना सब की आदत में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि में जो भी अवैध तरीके से रहेगा, बाहर से आएगा, उसे यहां के कानून का पालन करना ही होगा। यहां की व्यवस्था के तहत ही उन्हें रहना होगा। उन्होंने साफ कहा कि जो भी पहचान छुपा के प्रदेश में आएगा, उसके खिलाफ में कार्रवाई प्रारंभ की गई है। अभी तक 160 के करीब ऐसे मामलों में कार्रवाई हुई है।