देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2025 शुरू होने महज 19 दिन का समय बचा है. आगामी 30 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो जाएगा. ऐसे में सभी तैयारियों को मुकम्मल किया जा रहा है. पहली बार पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी सामने आए हैं. उनका कहना है कि चारधाम यात्रा में यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वो कंट्रोल रूम में संपर्क कर सकता है. वहां से सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा.
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए राज्य सरकार ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली है. इस साल होने वाली चारधाम यात्रा के लिए सरकार ने कई नई व्यवस्थाएं भी की है. जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी ना हो. वहीं, सरकार ने इस साल यात्रियों के लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया है. जहां यात्री अपनी परेशानी और अपने साथ हुई किसी भी ठगी की शिकायत दर्ज करा सकेंगे.