‘जागो ग्राहक जागो! अपने अधिकारों को जानो, देहरादून मानक क्लब कार्निवाल में बोले सीएम धामी बोले

भारतीय मानक ब्यूरो के 78 वें स्थापना दिवस पर हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया के स्टेडियम में भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से स्टैंडर्ड क्लब कार्निवाल का आयोजन किया गया. जिसमें सीएम धामी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान सीएम धामी ने भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से जनहित में जारी आईएसआई (ISI) उत्पादों को खरीदने की शपथ भी दिलाई. साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ओर से बनाए गए वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित मॉडलों का अवलोकन कर उन्हें प्रोत्साहित किया.

 देहरादून मानक क्लब कार्निवाल में तमाम विद्यालयों में स्थापित स्टैंडर्ड क्लब के करीब 2 हजार विद्यार्थी भी शामिल हुए. उन्होंने न सिर्फ मानकों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई. बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए. कार्यक्रम में सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि देश में बन रहे स्टैंडर्ड अंतरराष्ट्रीय स्तर से भी आगे का बने. ताकि, पूरी दुनिया भारत के उत्पादों के स्टैंडर्ड के आधार पर अपने स्टैंडर्ड तय करें.

सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि हर चीज के स्टैंडर्ड हमारे देश के अंदर बन रहे हैं, वो देश के उत्पाद सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर का न बने, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर से भी आगे का बने, जिससे पूरी दुनिया के लोग जब भी अपने स्टैंडर्ड सेट करें, वो भारत के उत्पादों के आधार पर करें. इस प्रक्रिया से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारी साख बढ़ेगी और उत्पादों की क्वालिटी बढ़ेगी. साथ ही लोगों को अच्छे उत्पाद मिलेंगे. इस दिशा में बहुत सराहनीय काम हो रहा है.