उत्तराखंड पुलिस को बड़ी सफलता, पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ उत्तर प्रदेश का कुख्यात गौ तस्कर

उत्तराखंड पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का एक कुख्यात गौ तस्कर उस्मान (उर्फ कालू) को देहरादून के धर्मावाला के तिमली जंगल में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। इस दौरान हुई गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे विकासनगर अस्पताल में भर्ती कराया।

गौ तस्करी कर गोकशी की घटना को दे चुका था अंजाम

सहारनपुर निवासी बदमाश उस्मान लंबे समय से गौ तस्करी और गोकशी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त था। हाल ही में उसने थाना सेलाकुई क्षेत्र से गौवश की चोरी कर सहसपुर में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस को उसके खिलाफ पहले से कई शिकायतें मिल रही थीं। आज सुबह जब वह अपने साथियों के साथ फिर से गोकशी के इरादे से जंगल की ओर बढ़ रहा था, तब पुलिस की चेकिंग टीम ने उसे घेर लिया और मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

चेकपोस्ट पर रोका तो भागने लगा आरोपी

बुधवार, 5 फरवरी की सुबह सहसपुर क्षेत्र के धर्मावाला चेकपोस्ट पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। लेकिन आरोपी उस्मान पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तुरंत उसका पीछा किया और उसे तिमली जंगल तक खदेड़ दिया।

जंगल में पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी

जैसे ही पुलिस टीम तिमली जंगल पहुंची, आरोपी ने छिपकर पुलिसकर्मियों पर गोली चलानी शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और विकासनगर अस्पताल में भर्ती कराया।

मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही देहरादून के एसएसपी और एसपी विकासनगर अस्पताल पहुंचे और पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह बदमाश लंबे समय से पुलिस के रडार पर था और गौ तस्करी के कई मामलों में वांछित था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश की पहचान 24 वर्षीय उस्मान (उर्फ कालू), पुत्र एहसान (उर्फ मंगू) निवासी ग्राम गंदेवड़, थाना क्षेत्र फतेहपुर, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कई मामले पहले से दर्ज हैं और पुलिस अब उसके नेटवर्क की छानबीन कर रही है।

गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई जारी

उत्तराखंड पुलिस गौ तस्करी और गोकशी के मामलों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद पुलिस ने अन्य संदिग्ध तस्करों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। पुलिस का कहना है कि गौ तस्करी और गोकशी में शामिल अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।