Haryana Breaking : पंचकूला को 2 बड़ी सौगात देंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Haryana Breaking : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंचकूला को 2 बड़ी सौगात देंगे। वे सेक्टर 32 में विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखेंगे। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता इन परियोजनाओं के लिए अरसे से प्रयासरत हैं।

विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि सेक्टर 32 में विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से किया जाएगा। यह रेंज राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों की मेजबानी के हिसाब से तैयार की जाएगी। 13.75 एकड़ में बनने वाली इस परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये की लागत आएगी। परियोजना 2 वर्ष में पूरी होगी।

यहां खेल इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करते हुए 10 मीटर रेंज के 60 टारगेट, 25 मीटर रेंज के 40 टारगेट और 50 मीटर रेंज के 60 टारगेट होंगे। प्रत्येक रेंज में 300 दर्शकों की बैठने की क्षमता रहेगी। इसके अलावा यहां प्रशासनिक कार्यालय, रेंज कार्यालय, जूरी रूम, टीवी/रेडियो रूम, नियंत्रण कक्ष, जज एरिया, शस्त्रागार, उपकरण व स्टोर रूम, मेडिकल एवं एंटी-ड्रॉपिंग रूम और उपकरण जांच नियंत्रण कक्ष स्थापित होंगे। प्राधिकरण यहां व्यायामशाला और खेल विज्ञान केंद्र, लाउंज क्षेत्र, दर्शकों के लिए शौचालय तथा विकलांगों के लिए शौचालय और प्रत्येक रेंज के लिए पुरुष-महिला लॉकर रूम भी बनाएगा। ग्राउंड + 4 मंज़िला दो छात्रावास होंगे, जिनमें पुरुष और महिला वर्ग के लिए 100-100 बिस्तर की व्यवस्था होगी। 105 वाहनों के लिए पार्किंग, जल भंडारण टैंक, अग्निशमन, सीसीटीवी कैमरे, लैंडस्केपिंग, बरसाती नालों का चैनलाइज़ेशन आदि की भी समुचित योजना बनाई गई है।

वहीं सेक्टर 32 में ही बनने वाले स्टेट इंस्टीटयूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी पर 50 करोड़ खर्च होंगे। कॉलेज 2 लाख वर्ग फुट में बनेगा। इसमें स्टेट ऑफ आर्ट रूम, एआईसीटीई के मानकों के अनुसार क्लास रूम, लैब, अनुसंधान प्रयोगशाला बनेंगी। छात्रों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था भी रहेगी।