Haryana Breakings : हरियाणा-उत्तर प्रदेश बॉर्डर: जमीन के विवाद को निपटाने की कवायद शुरू

Haryana Breakings : हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर करीब पांच दशक से चले आ रहे जमीन के विवाद को निपटाने की कवायद शुरू हो गई है। सोनीपत के गन्नौर व राई क्षेत्र में यमुना सीमा पर 262 पिलर लगाकर सीमांकन किया जाएगा। इससे आपसी मतभेद दूर करने में मदद मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने पिलर लगवाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा है। टेंडर के बाद केंद्र की ओर से सर्वे करवाकर जमीन की पैमाइश का कार्य होगा। यमुना सीमा पर पिलर लगाने के लिए करीब 5.13 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वहीं करीब इतने ही पिलर उत्तर प्रदेश प्रशासन अपनी सीमा पर लगवाएगा।

दोनों प्रदेशों की सीमाओं के विवाद को खत्म करने का सिलसिला जनवरी 2024 में शुरू किया गया था। उस दौरान एसडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों की टीम ने यमुना क्षेत्र का दौरा कर पिलर लगवाने को लेकर निरीक्षण किया था। टीम में एसडीएम के अलावा जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री व लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन पंकज गौड़ व राई के नायब तहसीलदार अंकित शामिल थे।