हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार (1 जून) को कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोत्तरी की घोषणा की है. हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के माध्यम से लगे 1.19 लाख से अधिक कर्मचारियों के मासिक वेतन में इजाफे का ऐलान किया गया है. विशेष रूप से यह घोषणा तब हुई है जब इस साल के अंत में हरियाणा विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.
इस घोषणा के संबंध में एक आधिकारिक बयान के अनुसार CM सैनी ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से लगे स्तर 1, 2 और 3 श्रेणियों के 1 लाख 19 हजार 861 कर्मचारियों के लिए एक अहम उपहार की घोषणा की है. मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, इन कर्मचारियों के वेतन में 1 जुलाई से 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी.
इसकी वेबसाइट के अनुसार, एचकेआरएनएल को कंपनी अधिनियम, 2013 के तहत 13 अक्टूबर, 2021 को शामिल किया गया था. इसकी स्थापना हरियाणा में सभी सरकारी संस्थाओं को पारदर्शी, मजबूत और न्यायसंगत तरीके से कॉन्ट्रैक्ट के तौर पर मैनपावर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है. यह हरियाणा में कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर मैनपावर देने के लिए अधिकृत एजेंसी के रूप में कार्य करेगी