पानीपत के गांव भैंसवाल व बबैल के खेतों में ड्रेन के बंधे के नीचे ज्यादा बारिश का पानी निकलने के लिये डाले गये ड्रेनेज पाइप में छिपे तेंदुए को रविवार को दोपहर बाद वन्य जीव विभाग की रेस्क्यू टीम ने पकड़ लिया है।
रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को पहले बेहोश करने वाली गन से एक इंजेक्शन लगाया और बेहोश होने के बाद तेंदुए को पकड़ लिया। इस तेंदुए के पकड़े जाने से यमुना तलहटी के आसपास के एक दर्जन से ज्यादा गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। तेंदुए को रविवार को सुबह ग्रामीणों ने गांव भैंसवाल के सामने ड्रेन नंबर दो के पास खेतों में देखा था और उसकी सूचना स्थानीय पुलिस व वन्य जीव विभाग के पानीपत इंस्पेक्टर सुनील कुमार को दी गई। इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने तेंदुए को पकड़ने के लिये रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने वन्य जीव विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार व विभाग के गार्ड सचिन कुमार को बताया कि तेंदुआ ड्रेन के ड्रेनेज पाइप में छिपा हुआ है। उसके उपरांत रेस्क्यू टीम ने ड्रेनेज पाइप को एक तरफ तो प्लास्टिक के ड्रम लगाकर बंद कर दिया और दूसरी तरफ टीम ने जाल लगा दिया।