हिसार में फिरौती की बढ़ती घटनाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन, 5 जुलाई को हिसार बंद

हिसार में आज व्यापारी व शहर के प्रतिनिधियों का सम्मेलन हुआ. ये सम्मेलन हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुआ. सम्मेलन में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि शहर में लगातार फिरौती की घटना बढ़ रही है, जिसके विरोध में 1 जुलाई को 2 घंटे के लिए नागोरी गेट हनुमान मंदिर के बाहर विरोध में धरना-प्रदर्शन होगा. साथ ही 5 जुलाई को हिसार बंद रहेगा.

 

हिसार में बढ़ रहे अपराध

व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने उपस्थित व्यापारी प्रतिनिधियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि शहर के व्यापारी व प्रमुख व्यक्तियों ने हिसार व हरियाणा में अपराध पर अंकुश लगाने में एक जुटता दिखाई है. अगर सरकार ने अपराधियों का पक्का इलाज नहीं किया तो हिसार बंद के बाद आगामी व्यापार मंडल की राज्य स्तरीय मीटिंग बुलाकर हरियाणा बंद की कॉल की जाएगी. 1 जुलाई को धरना-प्रदर्शन और 5 जुलाई को हिसार बंद किया जाएगा. बजरंग गर्ग ने कहा कि बड़े अफसोस से कहना पड़ता है कि 7 दिन पहले हुए महिंद्रा शोरूम फायरिंग मामले में 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाले अपराधियों का ना पकड़ा जाना हरियाणा सरकार के विफलता का जीता जागता सबूत है.