भाजपा कर्मचारी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर सीएम नायब सैनी से मुलाकात की। इस पर सीएम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी मांगों को पूरा कर दिया जाएगा। इसको लेकर भाजपा कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विद्यानंद लांबा ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता की। इसमें उन्होंने कर्मचारी प्रकोष्ठ की मांगों के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि हरियाणा पेंशनर को पंजाब की तर्ज पर वेतन मान व भत्ता दिया जाए। इसके साथ सेवानिवृत कर्मचारियों को 65 साल की उम्र में 5 प्रतिशत, 70 साल की उम्र में 10 प्रतिशत और 75 साल की उम्र में 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि की जाए। वहीं ड्यूटी के समय दुर्घटना ग्रस्त होने पर कर्मचारी के आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी जाए। इसके साथ कर्मचारियों को कैशलेस मेडिकल सुविधा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि पूर्व की सरकारों के द्वारा बंद की गई एलटीसी सुविधा को बहाल किया है, लेकिन फैमिली पेंशन धारकों को यह सुविधा नहीं दी गई। उन्होंने इन मांगों के अलावा अन्य मांग भी रखी गई। जिनको जल्द ही लागू करने का मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है। इस अवसर प्रदेश संयोजक विद्यानंद लांबा, ओपी यादव, सत्यवीर यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सर्वसुख यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश यादव, शरद यादव, हल्का नारनौल जयनारायण, डॉ. देवेंद्र यादव हल्का अटेली सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।